Breaking
21 Nov 2026, Sat

32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस अंतर्गत राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का उत्साहपूर्ण समापन

रायपुर

छत्तीसगढ़ के बाल वैज्ञानिकों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की प्रतिभा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के संकल्प के साथ 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आज पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में उत्साहपूर्ण समापन हुआ। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा विश्वविद्यालय के सहयोग से 20 एवं 21 नवम्बर को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए बाल वैज्ञानिकों ने अपनी शोध परियोजनाओं और वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राज्य स्तरीय आयोजन में कुल 156 शोध परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया गया, जिनका विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 15 विषय विशेषज्ञों ने मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वरिष्ठ वर्ग के 10 एवं कनिष्ठ वर्ग के 6 सहित कुल 16 बाल वैज्ञानिक समूहों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया। 

जिज्ञासा को कभी समाप्त न होने दें – कुलपति  शुक्ल    

समापन समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल ने बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक बनने के लिए केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने आसपास की घटनाओं को ध्यानपूर्वक देखना, उनके कारणों को समझना और लगातार प्रश्न पूछना भी आवश्यक है। जिज्ञासा ही नवाचार की वास्तविक आधारशिला है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपनी प्रतिभा का मूल्यांकन केवल प्रतियोगिता में प्राप्त स्थान से न करें। सफलता केवल प्रथम, द्वितीय या तृतीय स्थान प्राप्त करने तक सीमित नहीं है। किसी समस्या को नए दृष्टिकोण से समझना, उसका समाधान खोजना और अपने विचारों को विकसित करना ही वैज्ञानिक उपलब्धि की वास्तविक शुरुआत है। उन्होंने दैनिक जीवन के एक अभिनव उदाहरण का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार अनुपयोगी प्लास्टिक पेन एकत्रित करने के लिए विकसित 'पेन बिन' जैसी छोटी पहल भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने कहा कि नवाचार हमारे आसपास मौजूद है, आवश्यकता केवल सजग दृष्टि और रचनात्मक सोच की है।

ये भी पढ़ें :  लाखों की लागत से बने सामुदायिक के शौचालयों में कई साल से लटक रहे ताले

छोटे प्रश्नों से शुरू होती है बड़ी वैज्ञानिक खोज –  प्रशांत कविश्वर

छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक  प्रशांत कविश्वर ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि विज्ञान और नवाचार का उद्देश्य केवल नई तकनीक विकसित करना नहीं, बल्कि समाज के सामने उपस्थित समस्याओं के व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक समाधान खोजना भी है। प्रत्येक बड़ी वैज्ञानिक खोज की शुरुआत एक छोटे प्रश्न, जिज्ञासा या समस्या से होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को सही प्रश्न पूछने, समस्याओं के कारणों को समझने और मार्गदर्शक शिक्षकों की सहायता से वैज्ञानिक पद्धति द्वारा उनका समाधान खोजने का प्रयास करना चाहिए। अनुसंधान के दौरान प्राप्त निष्कर्षों का परीक्षण तथा उनमें निरंतर सुधार करना भी वैज्ञानिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

आज के बाल वैज्ञानिकों में ही छिपे हैं भविष्य के महान वैज्ञानिक – डॉ. मंजू सिंह       

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग की निदेशक डॉ. मंजू सिंह ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस आयोजन में भाग लेने वाला प्रत्येक विद्यार्थी विजेता है। बाल वैज्ञानिकों के नवीन विचारों और प्रस्तुतियों से शिक्षकों एवं विशेषज्ञों को भी नई बातें सीखने का अवसर मिला। इन बच्चों की प्रतिभा यह विश्वास जगाती है कि आने वाले समय में इन्हीं में से कोई प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, बड़ा आविष्कारक या नोबेल पुरस्कार जैसी प्रतिष्ठित उपलब्धि प्राप्त करने वाला शोधकर्ता भी बन सकता है।

ये भी पढ़ें :  विकसित राज्य @2047: शिक्षा, नवाचार और युवा शक्ति से गढ़ी जा रही स्वर्णिम भारत की नई गाथा

विज्ञान को रोचक ढंग से समझने से मिलेगी प्रेरणा    

इस अवसर पर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के रसायन अध्ययनशाला के प्रो. मोहनलाल सतनामी ने 'फन विद फंडामेंटल ऑफ केमिस्ट्री' विषय पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने बच्चों को रसायन विज्ञान की मूल अवधारणाओं को रोचक ढंग से समझने के लिए प्रेरित किया। साथ ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, मनोबल बनाए रखने और निरंतर प्रयास के माध्यम से अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

पांच महत्वपूर्ण उपविषयों पर बाल वैज्ञानिकों ने किया शोध  

इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय 'सतत विकास के लिए विज्ञान और नवाचार' निर्धारित किया गया। इसके अंतर्गत पांच महत्वपूर्ण उपविषयों को शामिल किया गया। इनमें आर-5 के माध्यम अपशिष्ट प्रबंधन, ई-4 के माध्यम से ऊर्जा संबंधी खोज एवं नवाचार, जल संचयन एवं संरक्षण, भोजन-कृषि एवं स्वास्थ्य तथा सतत विकास में भारतीय ज्ञान प्रणालियों का उपयोग शामिल रहा। 15 विषय विशेषज्ञों ने शोध परियोजनाओं का मूल्यांकन करने के साथ ही विद्यार्थियों को अनुसंधान की गुणवत्ता, वैज्ञानिक निष्कर्षों तथा प्रभावी प्रस्तुतीकरण के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे 16 चयनित समूह   

राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वरिष्ठ वर्ग के 10 और कनिष्ठ वर्ग के 6 बाल वैज्ञानिक समूहों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन किया गया है। ये समूह 5 से 8 जनवरी 2027 तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी), नवा रायपुर में आयोजित होने वाली 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके अतिरिक्त भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भागीदारी के लिए दो बाल वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। इससे प्रदेश की उभरती वैज्ञानिक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपने अनुसंधान और नवाचारी विचारों को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा

ये भी पढ़ें :  बस्तर की कला का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ को भेंट हुई खास शिल्पकृतियां

इसमें वरिष्ठ वर्ग में बस्तर के प्रखर साहू, कुरुद की नीलिमा यादव, गरियाबंद की तामेश्वरी साहू, मनेन्द्रगढ़ के जितेंद्र विश्वकर्मा एवं मनीष वास, पत्थलगांव की इशिका पाल एवं वैभवी सोनी, दंतेवाड़ा की पल्लवी सिंह, दुर्ग के नवीन देवांगन, सूरजपुर की अनुराधा राजवाड़े एवं तुलेश्वर ध्रुव, पेंड्रा की प्रतीक्षा कुशवाहा, राजिम के पंकज सोनकर को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।     

इसके अतिरिक्त कनिष्ठ वर्ग में बिलासपुर की महिमा, बलौदाबाजार के अर्पण वास, सरगुजा के नूर मोहम्मद, नारायणपुर के राधेश्याम वेरदा, दुर्ग की संपदा एवं तृषा पाणिग्रही तथा पखांजुर के पृथ्विश रंजन को पुरस्कृत किया गया।

समापन समारोह में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रो. केशवकांत साहू, राज्य समन्वयक डॉ. जे.के. राय, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विषय विशेषज्ञ, जिलों के जिला समन्वयक, मार्गदर्शक शिक्षक, बाल वैज्ञानिक, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वैज्ञानिकगण उपस्थित थे।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *