Breaking
23 Nov 2026, Mon

भोपाल के ऐशबाग में 599 जनता क्वार्टरों पर बुलडोजर एक्शन शुरू, 10 पोकलेन मशीनें तैनात

भोपाल 

के ऐशबाग स्थित जर्जर जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू हो गई है. 599 जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग को लेकर दायर याचिका पर रविवार को हाईकोर्ट में अवकाश के दिन विशेष सुनवाई हुई थी. जस्टिस विशाल मिश्रा की कोर्ट ने पूरी ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद सोमवार सुबह से यहां बुलडोजर चलना शुरू हो गए हैं। 

जर्जर घोषित होने के बाद भी रह रहे थे लोग
हाउसिंग बोर्ड की ओर से कोर्ट को बताया गया कि ऐशबाग के करीब 599 जनता क्वार्टरों को वर्ष 2016 में ही जर्जर घोषित कर दिया गया था. इन मकानों की मौजूदा स्थिति बेहद खराब है और यहां रहने वाले लोगों की जान-माल को खतरा बना हुआ है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवंटियों को मकान खाली करने के लिए अलग-अलग समय पर कई नोटिस भी जारी किए गए थे. इसके बावजूद कई लोग यहां रह रहे थे और कई अवैध रूप से क्वार्टर पर कब्जा बनाए हुए थे। 

हाउसिंग बोर्ड का तर्क था कि भवनों की हालत ऐसी है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. ऐसे में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को रोकना उचित नहीं होगा। 

ये भी पढ़ें :  इतिहास के 4 अनमोल खजाने, पत्थरों में छिपे हैं सदियों के रहस्य; UNESCO भी मानता है खास

पुनर्विकास योजना में नए मकान और किराया देने का प्रावधान
सुनवाई के दौरान हाउसिंग बोर्ड ने पुनर्विकास योजना का भी हवाला दिया. बोर्ड की ओर से बताया गया कि शासन की रीडेवलपमेंट स्कीम के तहत वैध आवंटियों को पुराने मकानों के स्थान पर पुनर्निर्मित भवनों में नए प्रकोष्ठ आवंटित किए जाएंगे. निर्माण कार्य पूरा होने तक पात्र आवंटियों को नियमानुसार किराया देने का भी प्रावधान है. हालांकि, याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप नायर और अधिवक्ता कबीर पॉल ने किराए की राशि को लेकर आशंका जताई. उनका कहना था कि शासन की ओर से निर्धारित किया जाने वाला किराया काफी कम हो सकता है, जिससे आवंटियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। 

बैरिकेडिंग कर की गई घेराबंदी, भारी पुलिस बल तैनात

सोमवार सुबह 7 बजे प्रशासन और नगर निगम की टीमें बुलडोजर और मशीनों के साथ ऐशबाग पहुंचीं. किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जर्जर ढांचों को गिराने की प्रक्रिया जारी है। 

ये भी पढ़ें :  राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के भुगतान में देरी और पेंशन रुकने की स्थिति में एक अहम निर्णय लिया

599 मकानों पर कार्रवाई रोकने से कोर्ट का इनकार
याचिकाकर्ता की इस दलील पर हाउसिंग बोर्ड ने आपत्ति जताई. बोर्ड की ओर से कहा गया कि याचिकाकर्ता की मुख्य आपत्ति किराए की दर को लेकर है. केवल एक आवंटी की आशंका के आधार पर बाकी 599 क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई रोकना उचित नहीं है. इन मकानों को पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका है और वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा का सवाल भी महत्वपूर्ण है. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने पूरे ध्वस्तीकरण अभियान पर रोक लगाने से इनकार कर दिया. हालांकि, किराए की राशि को लेकर विवाद सुलझाने के लिए याचिकाकर्ता को सीमित राहत दी गई। 

600 में से सिर्फ 110 मूल आवंटी होने का दावा
हाउसिंग बोर्ड के मुताबिक, जनता क्वार्टर के करीब 600 मकानों में रहने वालों में केवल 110 लोग ही मूल वैध आवंटी हैं। बाकी करीब 490 मकानों पर अनधिकृत कब्जे बताए जा रहे हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किराये की आर्थिक मदद केवल उन्हीं वैध आवंटियों को मिलेगी, जो मकान खाली करने के लिए सहमति पत्र जमा करेंगे। पात्र लोगों को मकान खाली करने के बाद कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार किराया दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें :  भोपाल में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से सनसनी, घर में मिले चार शव; रेलवे ट्रैक पर मिला मुखिया का शव

जर्जर मकानों की जगह बनेंगे आधुनिक फ्लैट
हाउसिंग बोर्ड की योजना के तहत मध्य प्रदेश पुनर्विकास नीति-2022 के अंतर्गत इस पूरी जमीन का नए सिरे से विकास किया जाएगा। पुराने मकानों को हटाकर बहुमंजिला आवासीय परिसर बनाया जाएगा। इसमें वैध आवंटियों को मौजूदा मकान से 20 प्रतिशत बड़े नए फ्लैट देने का प्रस्ताव है। निर्माण अवधि के दौरान पात्र आवंटियों को किराया भी दिया जाएगा।

2016 में ही घोषित हो चुके थे जर्जर
नगर निगम ने मई 2016 में ही जनता क्वार्टर के करीब 600 भवनों को जर्जर और जानलेवा घोषित कर दिया था। इसके बाद 2018 में भी मकान खाली करने के नोटिस जारी किए गए थे। अब करीब एक दशक बाद इन भवनों को हटाने की कार्रवाई जमीन पर शुरू हुई है।  

एक मकान को हाईकोर्ट से दो दिन की मोहलत
क्वार्टर नंबर 465 के आवंटी मोहम्मद हफीज खान को हाईकोर्ट से दो दिन की राहत मिली है। उनके मामले में याचिकाकर्ता और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी कलेक्टर के साथ बैठक कर किराये की राशि तय करेंगे। बुधवार को इसकी जानकारी हाईकोर्ट में पेश की जाएगी। 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *