Breaking
24 Nov 2026, Tue

अभेद्य साइबर कवच से सुरक्षित होगा यूपी, बुधवार को बनेगा मास्टर प्लान

25 नवंबर को लखनऊ में जुटेंगे शासन, पुलिस, तकनीक और उद्योग जगत के दिग्गज, साइबर सुरक्षा मजबूत करने पर होगा मंथन

सीएम योगी के विजन के अनुरूप एआई और क्वांटम युग की चुनौतियों से निपटने की बनेगी रणनीति

सरकारी डेटा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और महत्वपूर्ण सूचना प्रणालियों की सुरक्षा पर विशेषज्ञ करेंगे विचार-विमर्श

यूपीएसआईएफएस, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डीएससीआई और सिस्को की संयुक्त भागीदारी से होगी कार्यशाला

लखनऊ
उत्तर प्रदेश की साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए 25 नवंबर को लखनऊ में शासन, पुलिस, तकनीक और उद्योग जगत के दिग्गज एक मंच पर जुटेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप आयोजित विशेष कार्यशाला में प्रदेश के सरकारी डेटा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और महत्वपूर्ण सूचना प्रणालियों को साइबर हमलों से सुरक्षित रखने की रणनीति पर मंथन होगा। विशेषज्ञ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम तकनीक और बदलते डिजिटल परिदृश्य से उत्पन्न खतरों से निपटने के उपायों के साथ विभागों के बीच समन्वय और तकनीकी क्षमता बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

ये भी पढ़ें :  बदायूं में परेड की रिहर्सल में महिला सिपाहियों में जमकर हुई मारपीट

उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) की ओर से 25 नवंबर को आयोजित कार्यशाला में प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और वैश्विक तकनीकी कंपनी सिस्को की संयुक्त भागीदारी रहेगी। गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक प्रस्तावित इस आयोजन में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ, तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के दिग्गज और शिक्षाविद शामिल होंगे।

साइबर सुरक्षा की तैयारियों और उभरते खतरों पर होगी चर्चा
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की साइबर सुरक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत, सक्रिय और भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप बनाना है। इसमें सरकारी विभागों और महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियों की मौजूदा सुरक्षा तैयारियों के आकलन पर चर्चा होगी। एआई आधारित साइबर हमलों, डेटा चोरी, डिजिटल प्लेटफॉर्म की कमजोरियों और क्वांटम तकनीक से भविष्य में उत्पन्न होने वाले सुरक्षा जोखिमों से बचाव के उपायों पर भी विशेषज्ञ विचार रखेंगे।

ये भी पढ़ें :  भाजपा सरकार आई तो बंगाल की सड़कों पर माफिया और मौलानाओं के खिलाफ झाड़ू लगाएंगे: सीएम योगी

डिजिटल सेवाओं के विस्तार के साथ नागरिकों के डेटा की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी चर्चा का प्रमुख विषय होगा। साइबर घटनाओं की समयबद्ध पहचान, त्वरित प्रतिक्रिया और नुकसान को न्यूनतम करने के लिए संस्थागत तंत्र मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा।

पांच प्रमुख उद्देश्यों पर केंद्रित होगा मंथन
यूपीएसआईएफएस के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी ने बताया कि कार्यशाला में पांच प्रमुख उद्देश्यों को केंद्र में रखकर रणनीतिक चर्चा होगी। पहले उद्देश्य के तहत एआई, क्वांटम और अन्य उभरती तकनीकों से पैदा होने वाले साइबर खतरों के प्रति शासन-प्रशासन में जागरूकता और रणनीतिक समझ विकसित की जाएगी। दूसरे उद्देश्य में सरकारी विभागों, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और महत्वपूर्ण सूचना प्रणालियों की मौजूदा साइबर सुरक्षा तैयारियों का आकलन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें :  बीजेपी ‘सांप भी मर जाए, लाठी भी न टूटे’ की नीति से ओबीसी-सर्वसमाज को लड़ा रही : स्वामी प्रसाद मौर्य का

तीसरे उद्देश्य के तहत साइबर गवर्नेंस, साइबर घटनाओं के प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने के उपाय तलाशे जाएंगे। चौथे उद्देश्य में एआई आधारित खतरों और क्वांटम युग की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भविष्य की सुरक्षा प्रणालियों और तकनीकी समाधानों पर विचार होगा। पांचवें उद्देश्य के तहत सरकार, उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी बढ़ाकर साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और क्षमता निर्माण को प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यशाला में सरकारी सेवाओं के संचालन में एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल से जुड़े सुरक्षा पहलुओं पर भी चर्चा होगी।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *