Breaking
25 Nov 2026, Wed

ऐशबाग जनता क्वार्टर में बुलडोजर एक्शन के बाद बेघर हुए लोग, मलबे में तलाशते दिखे जिंदगी का सामान

भोपाल

दोपहर के ठीक दो बजे हैं। ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर की टूटी हुई दीवारों और मलबे के ढेर के बीच अब्दुल तारीक अपनी पत्नी के साथ झुके हुए हैं। हाथों में टूटी ईंटें हैं – उम्मीद है कि इनसे कहीं कोई नई झुग्गी खड़ी कर लेंगे। वहीं, क्वार्टर नंबर 409 के खंडहर पर बैठी सहिमा बी मोहल्ले वालों के दिए खाने का निवाला तोड़ रही हैं, आंखों में बेबसी और सिस्टम के खिलाफ गुस्सा साफ झलक रहा है।

20 साल पुराने घर के कागज होने के बावजूद बेघर हुईं रशीदा खान बीमार पति के साथ किराये के एक कमरे में सिमटने के बाद अपने टूटे मकान को देखने पहुंची हैं। 23 नवंबर को हाउसिंग बोर्ड का बुलडोजर चलने के दूसरे दिन बुधवार को जब नवदुनिया की टीम ग्राउंड पर पहुंची, तो उजड़े आशियानों के बीच जिंदगी की जद्दोजहद का यह मंजर हर किसी को झकझोरने वाला था।

ये भी पढ़ें :  बाघ एवं वन्य प्राणियों के आंकड़े एकत्रित करने हुई प्रशिक्षण कार्यशाला

वर्षों की गृहस्थी उजड़ने के बाद अब इन परिवारों के सामने सीमित आमदनी में महंगे मकान का किराया भरने, बच्चों की पढ़ाई जारी रखने और नए सिरे से जीवन बसाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

मलबे से निकलती बेबसी की कहानियां

दोपहर 2:06 बजे: मलबे के बीच अब्दुल तारीक अपनी पत्नी के साथ टूटी हुई ईंटें बीनते नजर आए। पूछने पर उन्होंने रुंधे गले से बताया कि 10 साल पहले दो लाख रुपये में यह मकान खरीदा था। अभी एक रिश्तेदार के यहां रह रहे हैं। अब ये ईंटें ले जा रहे हैं ताकि कहीं कोई झुग्गी बना सकें। ऐशबाग में साढ़े तीन हजार रुपये महीने पर एक कमरा किराये पर लिया है, जहां घर का सामान रखा है।
    
दोपहर 2:15 बजे: क्वार्टर नंबर 423 के मलबे पर बैठीं रशीदा खान ने बताया कि वे यहां 20 साल से रह रही थीं। 50 हजार रुपये में घर लिया था और पूरे कागजात भी हैं, फिर भी हमें अवैध करार दे दिया गया। रशीदा के पति बीमार हैं और पूरा परिवार ऐशबाग में एक कमरे के मकान में सिमट गया है। किराया तीन हजार रुपये दे रहे हैं।

ये भी पढ़ें :  रायपुर : मुख्यमंत्री साय उज्जैन में स्व. पूनमचंद यादव के तेरहवीं कार्यक्रम में हुए शामिल

दोपहर 2:30 बजे: क्वार्टर नंबर 417 की रहवासी फहमीदा खान ने बताया कि छह से आठ हजार रुपये से कम में किराये का मकान नहीं मिल रहा। पति मजदूरी करते हैं और एक बेटी है। मजबूरी में बाग फरहत अफजा कॉलोनी में एक कमरा साढ़े तीन हजार रुपये में किराये पर लिया है।

दोपहर 2:45 बजे: क्वार्टर नंबर 409 में रहने वाली सहिमा बी अपने ही टूटे मकान के मलबे पर बैठकर खाना खा रही थीं। गुस्से और बेबसी के बीच उन्होंने बताया कि घर का सामान दूसरों के यहां रखा है, क्योंकि किराये का घर लेने की हैसियत नहीं है। लाचार पति और दिव्यांग बेटा भी वहीं हैं। यहां बैठकर राह तक रहे हैं कि कोई तो हमारी सुध ले। मोहल्ले वाले जो खाना दे रहे हैं, वही खा रहे हैं।

ये भी पढ़ें :  समर शेड्यूल लागू होने के पहले एयरलाइंस कंपनियां नई फ्लाइट का शेड्यूल जारी किया, देखें शेड्यूल

दोपहर 3:00 बजे: क्वार्टर नंबर 410 के शहवार खान अपने टूटे हुए मकान के सामने खड़े थे। शहवार ने बताया कि 12 साल पहले अम्मी ने तीन लाख रुपये में यह घर लिया था। चार बहनें और दो भाई हैं। आनन-फानन में घर खाली करने के कारण कई जरूरी सामान अंदर ही छूट गया था। फिलहाल नवीन नगर में पांच हजार रुपये किराये पर दो कमरों का मकान लिया है।

जो वैध आवंटी हैं, उनको बोर्ड द्वारा किराया दिया जा रहा है। साथ ही 20 प्रतिशत अतिरिक्त बड़ा मकान भी देगा। बोर्ड ने ध्वस्तीकरण का टेंडर निकाला था। एजेंसी हमें साइट क्लियर करके देगी, उसके बाद वहां नए आवास बनाए जाएंगे। – गौतम सिंह, कमिश्नर, हाउसिंग बोर्ड

 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *