Breaking
26 Nov 2026, Thu

धान खरीदी में पात्र किसानों को नहीं होगी परेशानी, खसरा एवं फसल संबंधी विसंगतियों के निराकरण के लिए राज्य शासन की बड़ी पहल

धान खरीदी में पात्र किसानों को नहीं होगी परेशानी, खसरा एवं फसल संबंधी विसंगतियों के निराकरण के लिए राज्य शासन की बड़ी पहल

फसल संबंधी दावा-आपत्तियों का होगा भौतिक सत्यापन, 30 नवंबर तक अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश

15 जनवरी 2027 तक होगी खसरा मैपिंग, सभी कलेक्टरों को जारी किए गए निर्देश

रायपुर,
छत्तीसगढ़ शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुगम, सुव्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। पात्र किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए खसरा मैपिंग एवं फसल संबंधी विसंगतियों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं।

ये भी पढ़ें :  रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा बैठक संपन्न

           मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 8 नवंबर 2026 को आयोजित धान खरीदी की तैयारियों संबंधी बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुक्रम में यह कार्रवाई की जा रही है। खाद्य विभाग की सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले एवं राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी द्वारा जारी निर्देशों में किसानों की समस्याओं के निराकरण तथा फसल संबंधी अभिलेखों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया है।

15 जनवरी तक होगी खसरा मैपिंग

        ऐसे किसान, जिनके खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनके खसरों की मैपिंग के लिए संबंधित सहकारी समिति की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। कलेक्टरों को संबंधित समितियों के माध्यम से ऐसे सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खसरा मैपिंग की समय-सीमा में धान खरीदी की अवधि 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है।

ये भी पढ़ें :  मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी जारी, अब तक 2.11 लाख किसानों से 14 लाख मीट्रिक टन हुई खरीदी

खेतों में पहुंचकर वास्तविक फसल का होगा सत्यापन

        डिजिटल फसल सर्वेक्षण (डीसीएस) में जिन खसरों में अन्य फसल दर्ज है, लेकिन किसानों द्वारा वास्तविक रूप से धान की फसल बोए जाने का दावा किया जा रहा है, उनका विस्तृत भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके साथ ही डीसीएस एवं पीवी ऐप दोनों में फसल प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण एवं सत्यापन से छूट गए खसरों का भी संबंधित तहसीलदार के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।

         सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान करते हुए मौके पर वास्तविक फसल एवं फसल क्षेत्रफल का परीक्षण किया जाएगा। प्रत्येक संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार करने के साथ ही वास्तविक फसल की स्थिति को प्रमाणित करने वाले स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें :  रायपुर : साल दर साल टूटा धान खरीदी का रिकार्ड, किसानों को 31 हजार 089 करोड़ रूपए का भुगतान

30 नवंबर तक उपलब्ध करानी होगी सत्यापित जानकारी

        राज्य शासन ने सत्यापन के उपरांत सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित करने तथा सक्षम प्राधिकारी से विधिवत अनुमोदन प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। फसल प्रविष्टि एवं संशोधन की अग्रिम कार्रवाई के लिए यह जानकारी 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी।

         राज्य शासन की इस पहल से खसरा एवं फसल संबंधी तकनीकी और अभिलेखीय विसंगतियों के निराकरण में मदद मिलेगी। साथ ही वास्तविक धान उत्पादक पात्र किसानों को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिलेगी तथा धान उपार्जन व्यवस्था और अधिक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बन सकेगी।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *