Breaking
24 Nov 2026, Tue

गांधी जयंती पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने वाराणसी में स्वच्छता अभियान चलाया

वाराणसी
देश भर में गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को लोग महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसके साथ ही, देश भर में स्वच्छता अभियान के तहत झाड़ू लगाई जा रही है। इस अवसर पर वाराणसी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने टाउनहाल स्थित गांधी प्रतिमा का माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान के तहत झाड़ू लगाकर अपनी सहभागिता दिखाई। अरुण सिंह ने मैदागिन क्षेत्र में भी झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान को बढ़ावा दिया।

अरुण सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “महात्मा गांधी के सपनों को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ही के दिन दस वर्ष पहले स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद झाड़ू लेकर पूरे देश को स्वच्छ रखने का संदेश दिया था। स्वच्छता ही सबसे बड़ी सेवा है। आज यदि हम पूरे देश में स्वच्छता का दृष्टिकोण देखें, तो स्वच्छ भारत अभियान एक जन आंदोलन बन चुका है। लोग केवल 2 अक्टूबर को ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष इस अभियान में भाग लेते हैं और स्वच्छता को अपने हाथ में लेते हैं।”

ये भी पढ़ें :  यूपी में ड्रोन उड़ाने पर सख्ती: NSA और गैंगस्टर एक्ट में होगी कार्रवाई, प्रमुख सचिव और DGP को सौंपी जिम्मेदारी

महात्मा गांधी के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “गांधी जी के सिद्धांत जैसे स्वराज, स्वदेशी, सादगी और अहिंसा को अपनाते हुए लोग उनके जीवन से प्रेरणा लेकर कार्य कर रहे हैं। आज का दिन केवल चुनाव की बात करने का नहीं, बल्कि स्वच्छता और स्वच्छ भारत अभियान की बात करने का है। यदि हम स्वच्छता बनाए रखेंगे, तो बीमारियों में कमी आएगी, जिससे देश का विकास तेज गति से होगा और जीडीपी भी बढ़ेगी।”

ये भी पढ़ें :  नवरात्र में देवी मंदिरों से अखिलेश ने बनाई दूरी, यह तुष्टिकरण की पराकाष्ठा: प्रकाश पाल

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान को भी लोगों द्वारा अपनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह जन आंदोलन बन चुका है, जिसमें हर कोई भाग ले रहा है।

तिरुपति मंदिर प्रसाद विवाद पर भी अरुण सिंह ने अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का जो निर्णय आया है, उसके अनुसार इस मामले में किसी को भी बोलने की अनुमति नहीं है, क्योंकि यह जांच का विषय है और इसकी जांच चल रही है।

ये भी पढ़ें :  महाकुंभ में शास्त्री ब्रिज के नीचे कैंप में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, दमकल की गाड़िया पहुंची मौके पर

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *