Breaking
21 Nov 2026, Sat

लखनऊ में 101 अवैध इमारतों पर चलेगा बुलडोजर, 17 अगस्त से शुरू होगा ध्वस्तीकरण अभियान

लखनऊ
राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण करने वालों पर अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शहर की 101 अवैध इमारतों की सूची तैयार कर ली है, जिन पर जल्द बुलडोजर चलाया जाएगा। इनमें कई ऐसे बहुमंजिला अपार्टमेंट भी शामिल हैं जो बिना स्वीकृत मानचित्र के पूरी तरह अवैध रूप से खड़े किए गए हैं। एलडीए ने 17 अगस्त से ध्वस्तीकरण अभियान शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए पुलिस विभाग से पर्याप्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया है।

अलीगंज की 51 इमारतें, 24 को न्याय मित्र करेंगे निरीक्षण
सबसे अधिक कार्रवाई अलीगंज क्षेत्र में होगी, जहां 51 अवैध इमारतों को चिन्हित किया गया है। इन निर्माणों को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद सूचीबद्ध किया गया है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त न्याय मित्र की टीम 24 अगस्त को अलीगंज पहुंचकर सभी चिन्हित भवनों का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के बाद रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंपी जाएगी। सूत्रों के अनुसार, शीर्ष कोर्ट पहले ही इन अवैध निर्माणों को हटाने के निर्देश दे चुका है। ऐसे में न्याय मित्र की रिपोर्ट के बाद कोर्ट से और कड़े आदेश हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें :  निपुण भारत मिशन को मिलेगा नया बल, 58 जिलों के 232 संदर्भदाताओं को योगी सरकार देगी विशेष प्रशिक्षण

पुलिस बल मांगा, टीमें गठित
एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है। प्राधिकरण का कहना है कि ध्वस्तीकरण के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। अभियान के लिए एलडीए की विशेष टीमें भी गठित कर दी गई हैं। सुप्रीम कोर्ट की टीम के निरीक्षण को देखते हुए एलडीए ने योजना विभाग के दो ड्राफ्टमैन मुकेश वर्मा और दीपक को न्याय मित्र की टीम की सहायता के लिए तैनात किया है। दोनों अअसर निरीक्षण के दौरान भवनों से संबंधित अभिलेख, मानचित्र व अन्य जानकारियां उपलब्ध कराएंगे।

ये भी पढ़ें :  बरेली में बड़ा हादसा: खड़े टैंकर से बोलेरो-बाइक टकराई, पांच की मौत

सितंबर की सुनवाई से पहले तैयार होगी रिपोर्ट
सूत्रों के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने अलीगंज अग्निकांड को अत्यंत गंभीरता से लिया है और राज्य सरकार से विशेष जांच दल की रिपोर्ट भी तलब की है। एसआईटी अपनी रिपोर्ट में उन अधिकारियों के नाम भी शामिल करेगी जिनकी भूमिका या लापरवाही सामने आई है। मामले की सुनवाई सितंबर के मध्य प्रस्तावित है। उससे पहले न्याय मित्र स्थलीय निरीक्षण कर अपनी स्वतंत्र रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंपेंगे।

प्राधिकरण ने उन सभी भवनों का विस्तृत ब्योरा तैयार कर लिया है जो सुप्रीम कोर्ट के निशाने पर हैं। एलडीए ने प्रत्येक भवन की मंजिलों की संख्या, निर्माण की अवधि, उस समय तैनात अधिकारियों के नाम, की गई कार्रवाई और कार्रवाई न होने के कारणों तक का रिकॉर्ड संकलित किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निरीक्षण के दौरान कोई तथ्य अधूरा न रहे।

ये भी पढ़ें :  विवादित नाटक ‘मैं नाथूराम’ बना बवाल की वजह, राजकोट में हॉल में तोड़फोड़, कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन

प्रभावशाली लोगों की इमारतें भी दायरे में
सुप्रीम कोर्ट द्वारा चिह्नित भवनों में कई प्रभावशाली व्यक्तियों की संपत्तियां भी शामिल बताई जा रही हैं। इनमें एक पूर्व राज्यपाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री, विधायक, बड़े कारोबारी तथा वरिष्ठ अधिवक्ताओं से जुड़े भवन भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक एक पूर्व राज्यपाल और एक पूर्व कैबिनेट मंत्री से संबंधित तीन-तीन भवन जांच के दायरे में हैं। एक राज्य मंत्री से जुड़ा भवन भी अवैध निर्माण की श्रेणी में है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार 100 से अधिक बिल्डिंग गिराई जाएंगी। सूची तैयार है। अलीगंज में चिन्हित 51 इमारतों के अलावा 50 और बिल्डिंग को गिराया जाएगा। अलीगंज की बिल्डिंगों को खुद सुप्रीम कोर्ट ने चिन्हित किया है।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *