Breaking
13 Nov 2026, Fri

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख और कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

नक्सली हमले में पैर गंवाने के बाद भी नहीं मानी हार, पूर्व सीआरपीएफ जवान तोमन कुमार ने पैरा तीरंदाजी में जीता स्वर्ण पदक

बचपन से शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

मुख्यमंत्री साय ने कहा  – दोनों खिलाड़ियों का साहस, संघर्ष और संकल्प प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा

खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी राज्य सरकार : मुख्यमंत्री साय

रायपुर 
 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले प्रदेश के दो प्रतिभाशाली पैरा खिलाड़ियों तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख रुपए और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को शाल एवं बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, यदि मन में दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो सफलता का कोई भी शिखर असंभव नहीं है। तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा ने अपने साहस, कठिन परिश्रम और असाधारण खेल प्रतिभा से इसे सिद्ध कर दिखाया है। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियां केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संघर्ष से सफलता तक की ऐसी प्रेरक गाथाएं हैं, जो प्रदेश के हजारों युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का हौसला देंगी।

ये भी पढ़ें :  योगी सरकार प्लाईवुड उद्योग के लिए नई एग्रोफॉरेस्ट्री नीति पर कर रही विचार

नक्सली हमले में गंवाया पैर, लेकिन नहीं टूटा हौसला

बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की सफलता की कहानी अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण है। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में सेवा के दौरान वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के समय हुए आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा। जीवन की इस कठिन परिस्थिति में भी उन्होंने हार नहीं मानी। वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की और निरंतर अभ्यास, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।

मुख्यमंत्री साय ने तोमन कुमार के साहस को नमन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस वीर जवान ने खेल के मैदान में भी अपनी अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। नक्सलियों के विस्फोट ने उनका एक पैर जरूर छीन लिया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का उनका जज्बा नहीं छीन सका। पहले मातृभूमि की रक्षा और अब अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाकर उन्होंने छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

ये भी पढ़ें :  राज्यपाल रमेन डेका से मंत्री टंकराम वर्मा ने की सौजन्य भेंट

शारीरिक चुनौती को पीछे छोड़ अभिजीत ने हासिल की अंतरराष्ट्रीय सफलता

बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने भी अपनी मेहनत और लगन से सफलता की प्रेरक मिसाल प्रस्तुत की है। बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे सखूजा ने परिस्थितियों को अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया। उन्होंने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और कठिन अभ्यास तथा अनुशासन के बल पर अपनी खेल प्रतिभा को निखारा। एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने साबित किया कि मजबूत इरादों और निरंतर प्रयास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिजीत सखूजा की उपलब्धि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद जीवन में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे परिवार का त्याग, विश्वास और प्रोत्साहन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित अवसर, बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। विशेष रूप से पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें :  अबूझमाड़ की धरती से देश-दुनिया को दिया जा रहा है अमन और शांति का मजबूत संदेश

उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के अंतर्गत 3 लाख रुपए तक की टीए-डीए सहायता भी प्रदान की जाती है।

मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा आने वाले समय में भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे तथा अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं और पैरालंपिक में देश के लिए और अधिक पदक जीतेंगे।

प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप खेल प्रतिभाओं को मिल रहा प्रोत्साहन : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने का नया वातावरण बना है। प्रधानमंत्री के प्रेरक संदेश 'जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे' की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल सुआकांक्षा शिक्षा खलखो सहित दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित थे।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *