Breaking
15 Nov 2026, Sun

अब यूपी के स्कूलों में पढ़ाई जाएगी वीरों की शौर्य गाथा, बच्चों तक पहुंचेगा सैनिकों के बलिदान का इतिहास

मेरठ

जिन वीर जवानों के अदम्य साहस ने देश की सीमाओं की रक्षा की, जिनके शौर्य ने दुश्मनों के मंसूबों को नाकाम किया और जिनके सर्वोच्च बलिदान ने राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा की, अब उनकी गौरवगाथा उत्तर प्रदेश के स्कूली बच्चों तक भी पहुंचेगी। भारतीय सशस्त्र सेनाओं में सेवा देते हुए असाधारण वीरता और समर्पण का परिचय देने वाले प्रदेश के वीर सपूतों की कहानियां अब नई पीढ़ी को पढ़ाई जाएंगी। शनिवार को मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘शौर्य गाथा’ पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि पुस्तक को प्रदेश के सभी स्कूलों में पहुंचाया जाएगा, ताकि बच्चे भारतीय सेना के पराक्रम, जवानों के बलिदान और देश के गौरवशाली सैन्य इतिहास से परिचित हो सकें। इसे प्रदेश के पुस्तकालयों में भी उपलब्ध कराया जाएगा।

सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास निदेशालय, उत्तर प्रदेश की ओर से प्रकाशित 348 पृष्ठों की यह पुस्तक प्रदेश के उन वीर सपूतों के अद्वितीय शौर्य का दस्तावेज है, जिन्होंने भारतीय सशस्त्र सेनाओं में सेवाएं देते हुए असाधारण वीरता और समर्पण का परिचय दिया। इसमें शांतिकाल के दौरान वीरता पुरस्कारों से सम्मानित उत्तर प्रदेश के सैनिकों की बहादुरी की कहानियां संकलित की गई हैं। पुस्तक में सात अशोक चक्र, 30 कीर्ति चक्र और 133 शौर्य चक्र विजेताओं के पराक्रम और साहस का वर्णन है। यह केवल वीरता पुरस्कारों का संकलन नहीं, बल्कि उन सैनिकों के अदम्य संकल्प, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण की गाथा है, जिन्होंने अपने शौर्य से प्रदेश और देश का मान बढ़ाया।

ये भी पढ़ें :  मेरठ : विश्वकर्मा बिल्डर्स पर आयकर विभाग की दबिश, कई ठिकानों पर रेड

सात अध्यायों में दर्ज है वीरता और बलिदान का इतिहास

‘शौर्य गाथा’ को सात अध्यायों में विभाजित किया गया है। इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से होती है। इसमें आजादी से पहले और स्वतंत्रता के बाद प्रदान किए जाने वाले विभिन्न वीरता पदकों के बारे में सरल और सहज भाषा में जानकारी दी गई है। पुस्तक में बताया गया है कि भारतीय सेना के जवानों ने अलग-अलग परिस्थितियों में किस तरह अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए देश की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा। इसका उद्देश्य सैन्य इतिहास और वीरता पुरस्कारों से जुड़ी जानकारी आम लोगों, खासकर युवाओं तक पहुंचाना है।

ये भी पढ़ें :  योगी सरकार ने विशेष अभियान चलाकर तीन माह में बनाए करीब 18 लाख नए आयुष्मान कार्ड

ऑपरेशन सिंदूर से ऑपरेशन पराक्रम तक, सैन्य अभियानों का भी उल्लेख

पुस्तक का तीसरा अध्याय भारतीय सेना के विभिन्न सैन्य अभियानों पर केंद्रित है। इसमें ऑपरेशन सिंदूर से लेकर ऑपरेशन पोलो, ऑपरेशन विजय, ऑपरेशन ब्लू स्टार और ऑपरेशन पराक्रम तक का उल्लेख किया गया है। इन अभियानों में शामिल सैनिकों के साहस, रणनीतिक भूमिका और पराक्रम को शब्दों में संजोया गया है। अलग-अलग सैन्य परिस्थितियों में जवानों ने किस तरह अपने कर्तव्य का निर्वहन किया और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए चुनौतियों का सामना किया, इसकी जानकारी भी पुस्तक में दी गई है।

अपने जिले के वीरों की कहानियां भी जान सकेंगे बच्चे

पुस्तक के अंतिम हिस्से में अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र विजेताओं की जिलेवार सूची प्रकाशित की गई है। इससे प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पाठक अपने क्षेत्र के उन वीर सपूतों के बारे में जान सकेंगे, जिन्होंने असाधारण वीरता का परिचय देकर देश का गौरव बढ़ाया। खासतौर पर स्कूली बच्चों के लिए यह हिस्सा महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि वे अपने आसपास के क्षेत्र से जुड़े वीर सैनिकों की उपलब्धियों और बलिदान से परिचित हो सकेंगे।

ये भी पढ़ें :  गंगा का रौद्र रूप: विश्वनाथ मंदिर की सीढ़ियों को डुबोया, अस्सी घाट पर सड़क तक पहुँचा पानी

राज्यपाल और मुख्यमंत्री के संदेश से होती है पुस्तक की शुरुआत

पुस्तक की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेशों से होती है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा है कि हमारे सैनिकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने साहस, अनुशासन तथा सर्वोच्च बलिदान का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका जीवन प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। उत्तर प्रदेश सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों के कल्याण और सम्मान के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री की ओर से पुस्तक को प्रदेश के सभी स्कूलों तक पहुंचाने की घोषणा से इसका दायरा केवल एक प्रकाशन तक सीमित नहीं रहेगा। यह नई पीढ़ी को सैन्य इतिहास, सैनिकों के त्याग और राष्ट्र के गौरव से जोड़ने का माध्यम बनेगी। इसका उद्देश्य बच्चों को वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान के उन मूल्यों से परिचित कराना है, जो देश की सुरक्षा में लगे जवानों के जीवन का आधार हैं।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *