Breaking
16 Nov 2026, Mon

शहडोल में बनेगा नया इंडस्ट्रियल पार्क : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

शहडोल में बनेगा नया इंडस्ट्रियल पार्क

डिजिटल लायब्रेरी सहित आधुनिक सुविधाओं से सज्जित आडिटोरियम भी बनेगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में बिरसा मुंडा जयंती, राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है
देश की आजादी के बाद आई सरकारों ने हमारे जनजातीय नायकों के योगदान को भुला दिया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनजातीय गौरव सप्ताह अंतर्गत ब्यौहारी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम को किया संबोधित
जनजातीय संस्कृति, परम्परा और वीरता की गौरवशाली झलक दिखाती प्रदर्शनी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ब्यौहारी में 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की दी सौगात
10 कार्यों का लोकार्पण और 72 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हितग्राहियों को वितरित किए विभिन्न योजनाओं के हितलाभ

शहडोल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि देश के महान क्रांतिकारी और जननायक बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अपने संघर्ष से तत्कालीन ब्रिटिश साम्राज्य को चुनौती दी। वे जल, जंगल और जमीन के लिए अपने कार्यों के आधार पर पूज्यनीय हो गए। वीर नायक भगवान बिरसा मुंडा ने देश और समाज के लिए अपना बलिदान दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में देशभर में बिरसा मुंडा जी की जयंती, राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। अब 15 नवंबर की तिथि राष्ट्रीय गौरव का दिन बन चुकी है। भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक जनजातीय नायकों ने देश की आजादी के लिए जनजातीय क्षेत्रों में अलख जगाई, लेकिन देश की आजादी के बाद आई सरकारों ने हमारे जनजातीय महापुरुषों के योगदान को भुला दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ब्यौहारी में आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में देश के 8 से 10 राज्यों से कोल समाज के भाई-बहन बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सीधी लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर तथा आदि पूजा के साथ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इससे पहले जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं, जीवनशैली और वीरता की गाथाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहडोल जिले को 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 8.64 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 10 विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा 349.07 करोड़ रुपये लागत के 72 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

ये भी पढ़ें :  महाकाल मंदिर में मोबाइल ले जाना और उपयोग करना भी मना, उल्लंघन पर कार्रवाई

हितग्राहियों को हितलाभ वितरित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के 10 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। हितग्राहियों को चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजस्व विभाग के अंतर्गत स्वामित्व योजना के तीन हितग्राहियों संजीव गोंड, रतन गोंड एवं नन्दलाल गोंड को स्वामित्व प्रमाण पत्र प्रदान किए। स्वरोजगार योजना के तहत हितग्राही जग्गू बैगा को 20 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। सामुदायिक वन संसाधन (एफआरए) के अंतर्गत ग्राम नवगांव के जनकधारी सिंह और मनीष सिंह गोंड को वनाधिकार अधिनियम के तहत अधिकार पत्र प्रदान किए गए। आजीविका मिशन के अंतर्गत देवा परसापारा सामुदायिक समूह की हितग्राही कविता कोल एवं गुड़िया कोल को बीपीएल योजना के तहत 3-3 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार बनाया जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कटनी से सिंगरौली तक फोर लेन सड़क बनाने, ब्यौहारी विधानसभा में 10 करोड़ रूपए लागत से 18 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क बनाने, हनुमान मंदिर तक सुगम आवागमन के लिए 13 करोड़ लागत से बनने वाली सड़क को मंजूर करने, मऊ से चरखारी तक नई सड़क बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक सुविधाओं से लैस ऑडिटोरियम बनाने, संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार बनाने, हाथियों के सर्वेक्षण के लिए विशेष टीम शहडोल भेजने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहडोल में नये इंडस्ट्रियल पार्क का जल्द ही भूमि-पूजन होगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की है, आगे भी 2 लाख नए पदों पर नौकरी दी जाएगी।

ये भी पढ़ें :  प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया अभिनंदन

भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी और विजय हासिल की। उन्होंने देश-धर्म के लिए स्वयं को बलिदान कर दिया। अपना देश, अपना राज का उद्घोष करने वाले बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता के महानायक थे। जननायक वीर बूदु भगत और मदारा महतो ने 1831 और 1832 में अद्वितीय लड़ाई लड़ी। उन्हें भी जनजातीय सप्ताह के कार्यक्रम में स्मरण कर रहे हैं। राज्य सरकार ने वीरांगना रानी दुर्गावती का स्मरण कर जबलपुर से इस सप्ताह का शुभारंभ किया था। इसके बाद धार में लगभग 1400 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी गई। पिछले दिनों जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए लगभग 4000 करोड़ रुपए की सौगात मिली है। जनजातीय सप्ताह में प्रदेशभर के अलग-अलग शहरों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

विकास कार्यों की योजना बनाते समय जिले का कोई भी क्षेत्र नहीं छूटे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में जयसिंह नगर को 291 करोड़ रूपए की लागत से बिजली की सुविधा भी मिलेगी। शहडोल सहित सभी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। जन कल्याणकारी कार्यों के लिए राज्य सरकार के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की योजना बनाते समय जिले का कोई भी क्षेत्र छूटना नहीं चाहिए।

जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश में डेढ़ हजार कार्यक्रम होंगे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शहडोल में अगले महीने 4000 करोड़ रुपए लागत की नई औद्योगिक इकाई का भूमि-पूजन किया जाएगा। स्कूली विद्यार्थियों को सांदीपनि विद्यालयों की सौगात मिल रही है। पीएम जनमन, नल से जल, उज्जवला गैस कनेक्शन, पीएम आवास जैसी अनेक सौगातें जनजातीय क्षेत्रों को मिल रही है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर तीन दिनों तक बड़े स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही, पूरे जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के स्कूलों एवं कॉलेजों में लगभग डेढ़ हजार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकारों ने वर्ष 2002-03 से लेकर अब तक कुल 60 लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ाया है। एक समय ऐसा था, जब प्रदेशवासियों को रात को भी बिजली नहीं मिलती थी। अब मध्यप्रदेश बिजली सरप्लस राज्य बना है।

ये भी पढ़ें :  स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी का सुनहरा मौका : राज्यपाल पटेल

हमारी सरकार ने नक्सलवाद की बीमारी को जड़ से खत्म किया

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवाएं दौड़ेंगी। वन अधिकार पट्टे मालिकों को भी नि:शुल्क रजिस्ट्री योजना का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के माध्यम से अब तक ग्रामीण आबादी की 20 लाख 50 हजार संपत्तियों की रजिस्ट्री हो चुकी है। हमारा लक्ष्य 50 लाख रजिस्ट्रियां करने का है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने देश में सबसे पहले नक्सलियों का खात्मा कर लाल सलाम को आखिरी सलाम किया है। एक समय ऐसा था, जब लोग शहडोल, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी आने से डरते थे। हमारी सरकार ने नक्सलवाद की बीमारी को जड़ से खत्म किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हर घर दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार पशुपालन को प्रोत्साहन दे रही है। साथ ही सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों और पशुपालकों को बेहतर कीमतें दिलवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति ने जनजातीय समाज का मनोबल बढ़ाया

विधायक शरद कोल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति ने जनजातीय समाज का मनोबल बढ़ाया है। ब्यौहारी क्षेत्र के विकास में प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ. यादव का सदैव सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा है। सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्रा ने सिंगरौली से कटनी रेलमार्ग के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार ज्ञापित किया।

 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *