Breaking
16 Nov 2026, Mon

सटीक जनगणना से बनेगी विकसित यूपी की ठोस कार्ययोजना, पात्र व्यक्ति योजनाओं से नहीं रहेगा वंचित: मुख्यमंत्री

सटीक जनगणना से बनेगी विकसित यूपी की ठोस कार्ययोजना, पात्र व्यक्ति योजनाओं से नहीं रहेगा वंचित: मुख्यमंत्री

लोकभवन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया जनगणना 2027 के तृतीय संस्करण का शुभारंभ
 
सीएम ने कहा- सही आंकड़े ही सुशासन और प्रभावी नीति निर्माण का आधार, जनगणना को जनआंदोलन बनाने की अपील

2011 के आंकड़ों पर निर्भरता खत्म होगी, हर व्यक्ति की होगी गिनतीः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनगणना 2027 उत्तर प्रदेश के समग्र विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जनगणना से प्राप्त सटीक और प्रामाणिक आंकड़ों के आधार पर सरकार भविष्य की योजनाओं की ठोस कार्ययोजना तैयार कर सकेगी। इससे प्रशासन को योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अभी तक प्रदेश की अधिकांश विकास योजनाएं 2011 की जनगणना के आंकड़ों पर आधारित रही हैं। ऐसे में नई जनगणना के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का पता लगाना जरूरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित लोकभवन में जनगणना 2027 के तृतीय संस्करण का शुभारंभ किया। 

सीएम योगी ने कहा कि जिसके पास सही आंकड़े होंगे, वह उतनी ही प्रभावी ढंग से अपनी योजनाएं बना और लागू कर सकेगा। उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है। भारत का हर छठा व्यक्ति यूपी में रहता है, जबकि दुनिया का हर 36वां व्यक्ति प्रदेश में निवास करता है।

ये भी पढ़ें :  चौपाल में मुख्यमंत्री ने सुनी जनता की बात, विकास कार्यों की दी सौगात

मुसहर समाज का उदाहरण देकर बताई सही आंकड़ों की अहमियत

मुख्यमंत्री ने जनगणना में किसी भी व्यक्ति या समुदाय के छूटने को गंभीर विषय बताते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुसहर समाज का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि समाज का यह सबसे विपन्न तबका लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा। उनके पास पक्के मकान तो दूर, झोपड़ी वाली जमीन का भी मालिकाना अधिकार नहीं था। कई परिवारों के पास राशन कार्ड और दूसरी सरकारी सुविधाएं तक नहीं थीं। यदि पिछली जनगणनाओं में उनकी वास्तविक स्थिति सामने आई होती तो वे पहले ही सरकारी योजनाओं के पात्र बन सकते थे। सीएम ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनने के बाद इस समुदाय के लिए अलग से योजना बनानी पड़ी और फिर उन्हें सरकारी योजनाओं से संतृप्त किया गया। जनगणना में किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने का अर्थ है कि वह लंबे समय तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकता है। इसी तरह कहीं तीन स्कूल होने और कहीं कई किलोमीटर तक स्कूल न होने जैसी स्थितियां भी सही आंकड़ों के अभाव का परिणाम हैं। जनगणना से विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक जरूरत का आकलन किया जा सकेगा।

ये भी पढ़ें :  मॉडल की मौत का खुलासा: कासिम ने ‘राहुल’ बन खुशबू को फंसाया, आधार कार्ड में बुर्का वाली फोटो अपडेट की

16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी टीम

सीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके तहत नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। जनगणना के दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से धर्म, जाति, शिक्षा, व्यवसाय, मातृभाषा और अन्य जनसांख्यिकीय पहलुओं से जुड़े 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। सीएम ने कहा कि प्रदेश की सबसे बड़ी आबादी को देखते हुए यहां जनगणना की विशेष जिम्मेदारी है। इस महाअभियान की सफलता के लिए प्रशासनिक समन्वय, जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी और आमजन की जागरूकता जरूरी है। जिलाधिकारी स्वयं अभियान का नेतृत्व करेंगे और प्रतिदिन इसकी प्रगति की समीक्षा करेंगे। प्रदेश के 18 मंडल, 75 जिले, 350 तहसील, 825 विकासखंड, 57,694 ग्राम पंचायतें और 1,04,004 राजस्व गांव इस अभियान से जुड़ेंगे। सहायता के लिए हेल्पलाइन 1855 भी जारी की गई है।

किरायेदारों, प्रवासी श्रमिकों और दूरस्थ बस्तियों तक पहुंचने के निर्देश

ये भी पढ़ें :  विराट कोहली के तूफानी अर्धशतक से भारत की जीत, न्यूजीलैंड को पहले वनडे में 5 विकेट से हराया

मुख्यमंत्री ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी सत्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और विनम्रता के साथ काम करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सही जानकारी जुटाना जरूरी है। किसी भी व्यक्ति को जनगणना से छूटना नहीं चाहिए। विशेष रूप से दूरस्थ बस्तियों, किरायेदारों, प्रवासी श्रमिकों, अकेले रहने वाले व्यक्तियों, बुजुर्गों, घुमंतू जातियों और वंचित वर्गों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। जनगणना केवल सरकारी ड्यूटी नहीं, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण का राष्ट्रीय अभियान है। आंकड़ों की गोपनीयता और जनगणना के महत्व के बारे में लोगों को समझाया जाए। 
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे स्वगणना में अपने माता-पिता, बुजुर्गों और पड़ोसियों की ऑनलाइन जानकारी दर्ज कराने में मदद करें तथा स्वगणना पूरी होने के बाद प्राप्त आईडी सुरक्षित रखें। उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनगणना में हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित होगी, तभी आने वाले दशक के लिए विकास की प्रभावी कार्ययोजना तैयार हो सकेगी।
इस दौरान वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक जय देवी समेत कई नेता और अधिकारीगण मौजूद रहें।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *