Breaking
24 Nov 2026, Tue

शबाना आजमी का बुर्का पहनने पर सवाल, बोलीं- कुरान में कहां लिखा है ऐसा करना जरूरी

मुंबई 
बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा शबाना आजमी एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. धर्म, हिजाब और बुर्के को लेकर उन्होंने ऐसा बयान दिया है, जिसने एक बार फिर इस मुद्दे पर बहस छेड़ दी है. शबाना का कहना है कि वह धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन नहीं करतीं, लेकिन सांस्कृतिक तौर पर खुद को मुस्लिम मानती हैं। 

शबाना मशहूर शायर और गीतकार कैफी आजमी और एक्ट्रेस शौकत आजमी की बेटी हैं. उनकी शादी मशहूर गीतकार, लेखक और स्क्रीनराइटर जावेद अख्तर से हुई है. जावेद अख्तर मुस्लिम परिवार में पले-बढ़े, लेकिन खुद को नास्तिक बताते हैं. हाल ही में उषा काकड़े के पॉडकास्ट में पहुंचीं शबाना ने इस्लाम से जुड़े एक संवेदनशील मुद्दे यानी हिजाब और बुर्के पर खुलकर अपनी राय रखी। 

कुरान में बुर्का पहनने की बात कहां लिखी है?

शबाना आजमी ने कहा- कुरान में कहीं नहीं लिखा है कि आपको इस तरह बुर्का पहनना चाहिए. कुरान में सिर्फ यह कहा गया है कि आपकी आंखों में शर्म और लिहाज होना चाहिए. यह बात महिलाओं और पुरुषों, दोनों के लिए है। 

एक्ट्रेस के मुताबिक, कुछ 'बिचौलियों' ने धर्म की शिक्षाओं को गलत तरीके से पेश किया है, जिससे लोगों के बीच भ्रम पैदा हुआ है. उन्होंने कहा कि कुरान में महिलाओं के लिए पर्दा अनिवार्य होने की बात बताकर धर्म की असली सीख को तोड़-मरोड़कर पेश किया जाता है। 

ये भी पढ़ें :  Don 3 विवाद में नया मोड़, फरहान अख्तर का बयान आया सामने

शबाना ने आगे कहा- मैं बुर्का नहीं पहनती, लेकिन अगर कोई मुझसे कहेगा कि तुम बुर्का नहीं पहन सकती, तो मैं तीन बुर्के पहन लूंगी. आप होते कौन हैं मुझे यह बताने वाले? लेकिन धर्मनिरपेक्षता की आड़ में कट्टरपंथ फैलाना भी सही नहीं है। 

जब कंगना रनौत से भिड़ गई थीं शबाना आजमी
यह पहली बार नहीं है जब शबाना ने हिजाब के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद की हो. साल 2022 में कर्नाटक के उडुपी में हिजाब पहनने के कारण छह छात्राओं को कॉलेज में प्रवेश से रोके जाने के आरोपों पर भी उन्होंने अपनी राय रखी थी। 

उस समय एक्ट्रेस और अब बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था- अगर हिम्मत दिखानी है, तो अफगानिस्तान में बुर्का न पहनकर दिखाइए. खुद को आजाद करना सीखिए, कैद करना नहीं. कंगना की यह प्रतिक्रिया ईरान की क्रांति के बाद महिलाओं की जिंदगी में आए बदलावों से जुड़ी एक पोस्ट पर थी। 

ये भी पढ़ें :  स्लो Windows PC को तेज करने के आसान तरीके: अपडेट, स्टोरेज और सेटिंग्स पर ध्यान दें

हालांकि, शबाना भी चुप नहीं रहीं. उन्होंने कंगना के पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए एक्स पर लिखा- अगर मैं गलत हूं तो मुझे सुधारिए, लेकिन अफगानिस्तान एक धर्मतांत्रिक देश है और जहां तक मुझे याद है, भारत एक धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य है?

दिलचस्प बात यह है कि शबाना के पति जावेद अख्तर भी हिजाब पहनने की प्रथा का समर्थन नहीं करते. हालांकि, उनका मानना रहा है कि धर्मनिरपेक्षता के खिलाफ खड़ी हिंदुत्ववादी ताकतों को इस मुद्दे पर दूसरों के पहनावे के खिलाफ आवाज उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है। 

एक्टर्स के राजनीति में आने पर भी शबाना ने दी खरी-खरी
पॉडकास्ट में शबाना आज़मी ने फिल्मी सितारों के राजनीति में कदम रखने के बढ़ते चलन पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने इसे हर कलाकार की निजी पसंद बताया, लेकिन साथ ही एक जरूरी सलाह भी दे डाली। 

शबाना का कहना है कि किसी एक्टर को सिर्फ सम्मान का तमगा पहनने के लिए राजनीति में नहीं आना चाहिए. अगर जनता ने आपको इतना प्यार और पहचान दी है, तो उसकी जिम्मेदारी भी समझनी होगी. राजनीति में आने के बाद समाज के हित में ईमानदारी से काम करना बेहद जरूरी है। 

ये भी पढ़ें :  F1 देखने के बाद हॉलीवुड स्टार की मुरीद हुई दीपिका पादुकोण

राज्यसभा में भी दिखा चुका है शबाना का दमदार अंदाज
भले ही शबाना आजमी ने कभी लोकसभा या विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन वह राज्यसभा की मनोनीत सदस्य रह चुकी हैं. साल 1997 में तत्कालीन राष्ट्रपति ने उन्हें संसद के उच्च सदन के लिए नामित किया था. उनके पति जावेद अख्तर भी राज्यसभा के मनोनीत सदस्य रह चुके हैं। 

अपने व्यस्त फिल्मी करियर के बावजूद शबाना राज्यसभा की कार्यवाही में नियमित रूप से हिस्सा लेती थीं. सदन में उन्होंने महिलाओं के अधिकारों, बच्चों के कल्याण और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं जैसे अहम मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। 

इतना ही नहीं, उन्होंने झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोगों और समाज के वंचित तबकों की समस्याओं को भी प्रमुखता से सामने रखा. सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLADS) के तहत मिली राशि का इस्तेमाल उन्होंने मुंबई में सार्वजनिक जगहों के सौंदर्यीकरण और समुद्र किनारे के इलाकों के सुधार जैसे कामों के लिए किया। 

 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *