Breaking
25 Nov 2026, Wed

योगी सरकार ने देव दीपावली पर परंपरा और तकनीक का संगम दिखाया

योगी सरकार ने देव दीपावली पर परंपरा और तकनीक का संगम दिखाया

दीपों से सजे घाटों ने काशी को पहनाया रोशनी का कंठहार

2100 मेक इन इंडिया ड्रोन से आसमान में उभरीं शिव, गंगा और काशी की आकृतियां

ड्रोन शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें भी उभरीं

चेत सिंह घाट पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी ने मोहा मन

वाराणसी, 
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देव दीपावली पर काशी ने अपनी सदियों पुरानी आध्यात्मिक परंपरा और आधुनिक तकनीक के मेल से दुनिया को संस्कृति और नवाचार का संदेश दिया। गंगा के घाटों पर दीपों की अविरल श्रृंखला ने काशी को रोशनी का कंठहार पहना दिया, वहीं आसमान में ड्रोन शो, ऐतिहासिक इमारतों पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और गंगा पार ग्रीन आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता को नया आयाम दिया। पहली बार आयोजित ड्रोन शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गईं।

एक ओर गंगा तट पर लाखों दीप सनातन परंपरा और आस्था का संदेश दे रहे थे, तो दूसरी ओर आधुनिक तकनीक के जरिए काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नए रूप में प्रस्तुत किया गया। दीपों की रोशनी, संगीत और तकनीक के इस संगम ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए देव दीपावली को यादगार बना दिया।

ये भी पढ़ें :  नव पदस्थ डीजीपी को लेकर मायावती ने सरकार पर खड़े किए सवाल

2100 मेक इन इंडिया ड्रोन से आसमान में उभरी काशी की विरासत

देव दीपावली पर गंगा पार का रेतीला क्षेत्र पहली बार 2100 मेक इन इंडिया ड्रोन से आयोजित भव्य प्रदर्शन का साक्षी बना। करीब 10 मिनट चले इस शो में थ्री-डी एनिमेशन तकनीक के माध्यम से ड्रोन ने आसमान में 15 अलग-अलग आकृतियां बनाईं। रोशनी के बिंदुओं को आपस में जोड़कर विभिन्न आकृतियां और संरचनाएं तैयार की गईं। हिंदी में वॉयस ओवर के जरिए दर्शकों को इन दृश्यों का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी बताया गया। आसमान में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य साकार हुए। इसके साथ ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव की आकृतियां भी उभरीं। संगीत और रोशनी के तालमेल ने काशी की आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक तकनीक के जरिए जीवंत कर दिया।

ये भी पढ़ें :  सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का किया वितरण

25 मिनट के 'काशी-कथा' शो में दिखी सनातन संस्कृति की गौरवगाथा

चेत सिंह घाट पर करीब 25 मिनट का 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित किया गया। 'काशी-कथा' नाम की इस प्रस्तुति में ऑडियो-वीडियो माध्यम से काशी की धार्मिक यात्रा, सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया। गंगा तट पर स्थित ऐतिहासिक इमारतों पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए इन प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु और पर्यटक अभिभूत हुए।
शंखनाद और डमरू की गूंज के साथ शुरू हुई प्रस्तुति में एनामॉर्फिक एलईडी दृश्य, संगीत और कथावाचन का भी समावेश रहा। इसके बाद भगवान गणेश की कथा, शिव-पार्वती विवाह, देव दीपावली की पौराणिक मान्यता और मां गंगा की महिमा को आकर्षक दृश्यों के माध्यम से दिखाया गया। भगवान श्रीहरि विष्णु के चक्र और पुष्करिणी कुंड से जुड़े प्रसंगों के साथ गंगा की स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। शो के अंतिम चरण में करीब आठ मिनट के लेजर प्रदर्शन ने ऐतिहासिक इमारतों और गंगा तट को रोशनी के अद्भुत संसार में बदल दिया।

शिव भजनों पर ग्रीन आतिशबाजी ने बांधा समां

ये भी पढ़ें :  प्रयागराज में दर्दनाक हादसा: अमोनिया गैस टैंक फटने से कोल्ड स्टोरेज ढहा, कई मजदूर मलबे में दबे

ललिता घाट के सामने गंगा पार रेतीले क्षेत्र में शिव भजनों की धुन पर ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। आयोजकों के अनुसार, इसमें भारत में पहली बार आठ इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स का इस्तेमाल हुआ। करीब 10 मिनट चले इस शो में रंग बदलती आकृतियों और आकर्षक पैटर्न ने दर्शकों का ध्यान खींचा। 'हर-हर महादेव शंभू', 'डमरू बजाया भोलेनाथ ने', 'शिव तांडव स्तोत्रम्', 'मेरा भोला है भंडारी' और 'महाकाल' जैसे भजनों की धुन पर नौ से दस संगीत ट्रैकों के साथ आतिशबाजी की गई। आसमान में उभरती रंग-बिरंगी आकृतियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

रोशनी से निखरी मंदिरों और घाटों की सुंदरता

योगी सरकार की पहल पर ड्रोन, लेजर, संगीत और ग्रीन आतिशबाजी के साथ काशी की पारंपरिक सजावट को भी विशेष रूप दिया गया। मंदिरों और घाटों पर फसाड लाइटिंग की गई, जबकि सड़कों के विद्युत खंभों पर तिरंगे रंगों की आकर्षक स्पाइरल झालरें लगाई गईं। इस तरह देव दीपावली पर काशी ने अपनी आध्यात्मिक पहचान को आधुनिक तकनीक और भव्य प्रस्तुतियों के साथ दुनिया के सामने रखा।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *