Breaking
23 Nov 2026, Mon

नगरीय निकायों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति पर दें विशेष ध्यान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बनायें अलग-अलग कार्ययोजना
प्रदेश के कम वर्षा वाले 12 जिलों के कलेक्टर्स से वीडियो कांफ्रेंसिंग से की बात

 

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को प्रदेश के सभी नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन एवं वर्तमान जल आपूर्ति व्यवस्था के लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मनुष्य हों या मवेशी, जल सबकी जरूरत है, इसलिए हर संभव तरीके से सबके लिए जल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए वर्तमान में उपलब्ध जल का बेहतर से बेहतर प्रबंधन करें, ताकि सबको पानी मिले। मुख्यमंत्री ने कहा जहां पानी उपलब्ध है वहां बिना किसी बाधा के जल आपूर्ति की जाए और जहां पानी की कमी है, वहां जल उपलब्धता के लिए दीर्घकालिक व्यवस्थाएं (स्थायी समाधान) की जाएं। उन्होंने कहा कि जल अभाव वाले क्षेत्रों में टैंकर्स से जलापूर्ति, नलकूप खनन और जल संचयन के अतिरिक्त संसाधन भी विकसित किये जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल अभाव क्षेत्रों में यदि प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने की आवश्यकता हो, तो वह भी करें।

ये भी पढ़ें :  कूनो में खुशखबरी: 'गामिनी' ने दिया 3 शावकों को जन्म, चीतों का कुनबा बढ़कर हुआ 38

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के कम वर्षा से प्रभावित जिलों आलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, इन्दौर, शाजापुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांर्ढुना के कलेक्टर्स से सीधी बात कर वर्तमान में जल आपूर्ति व्यवस्था एवं आगामी कार्य योजना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इन सभी कलेक्टर्स को अपने-अपने जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सहज जल प्रबंधन एवं पेयजल आपूर्ति के लिए पृथक-पृथक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समूह जल प्रदाय योजनाओं को और भी सुदृढ़ किया जाए। जहां आवश्यकता है, वहां नवीन नलकूल खनन की अनुमति दे दी जाएगी। कलेक्टर्स शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष ध्यान देकर समुचित जल आपूर्ति सुनिश्चित करें।

प्रदेश के 413 नगरीय निकायों में जल प्रबंधन के लिए 165.95 करोड़ रुपए की कार्ययोजना तैयार
बैठक में अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास विभाग संजय दुबे ने बताया कि प्रदेश में कुल 413 नगरीय निकाय हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में समुचित जल प्रबंधन एवं जल आपूर्ति के लिए 165.95 करोड़ रुपए की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। नगरीय निकायों को 30 जून 2027 तक समूचित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समुचित निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। नगरीय निकायों को कहा गया है कि सभी विभागों के प्रयासों के उपरांत भी यदि जल संकट की स्थिति निर्मित होती है, तो जल परिवहन करने के लिए सबसे पहले निकाय के जल स्रोतों या अधिगृहित जल स्रोतों तथा निकाय के टैंकर्स का ही उपयोग किया जाए। साथ ही पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यदि छोटे-छोटे कामों की आवश्यकता है, तो उन्हें तत्काल पूरा कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 126 नगरीय निकायों में पहले से निर्माणाधीन जल प्रदाय योजनाएं मार्च 2027 तक पूरी हो जाएंगी, इससे वहां नियमित रूप से जल प्रदाय सुनिश्चित हो जाएगा।

ये भी पढ़ें :  सीएम ने कहा: जनगणना से ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रणनीति तय होती है

प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन के लिए तैयार है 187 करोड़ रुपए की कार्ययोजना
बैठक में अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्रीमती दीपाली रस्तोगी ने बताया कि प्रदेश के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन के लिए 187 करोड़ रुपए से अधिक की एक व्यापक कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 65 हजार से अधिक हैंड पम्प्स, राइजर पाइप्स, बोरवेल सहित समूह जल प्रदाय योजनाओं के माध्यम से जल आपूर्ति की जा रही है। शासन से नवीन नलकूप खनन की अनुमति जारी होने पर संबंधित वांछित जिलों में नवीन नलकूप खनन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में जल प्रबंधन एवं पेयजल आपूर्ति व्यवस्थापन से जुड़े करीब एक लाख काम प्रगतिरत हैं।

ये भी पढ़ें :  'लोकतंत्र बचाओ मार्च' निकालकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन ग्वाला जिलाधीश को सोपा

बैठक में सभी कलेक्टर्स ने वीसी के जरिए अपने-अपने जिलों में जल प्रबंधन के लिए किए जा रहे समन्वित प्रयासों एवं नवाचारों की जानकारी दी। बताया गया कि कम वर्षा वाले जिलों में जनजागृति लाने के विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जल दूत भी बनाए जा रहे हैं। अत्यंत जरूरी होने पर जल संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की जा रही है, ताकि जल का संचयन हो सके।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर से वचुअर्ली तथा मंत्रालय में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, इंदौर के महापौर पुष्पमित्र भार्गव, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव वित्त मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) सुखबीर सिंह, प्रमुख सचिव पीएचई सहित अन्य प्रमुख सचिव, सचिव एवं दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *