Breaking
26 Nov 2026, Thu

नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब बस्तर को स्वावलंबी बनाने की तैयारी

रायपुर

 नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति देने जा रही है। बस्तर के स्थानीय संसाधनों, प्राकृतिक संपदा और ग्रामीणों की क्षमताओं का समुचित उपयोग कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज महानदी भवन, नवा रायपुर में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि बस्तर के प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके लिए स्थायी आजीविका के अवसर सृजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का क्रियान्वयन इस प्रकार किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार आजीविका गतिविधियों एवं सामुदायिक संस्थाओं से जुड़ने से वंचित न रहे। परिवारों की रुचि, स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध संभावनाओं के अनुरूप आजीविका गतिविधियों का चयन किया जाए।

5 लाख परिवार होंगे लाभान्वित
 स्वावलंबी बस्तर अभियान के अंतर्गत आगामी पांच वर्षों में निवेश की कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान के माध्यम से बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिले की 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों में लगभग 5 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के माध्यम से लक्षित परिवारों की मासिक आय 20 से 30 हजार रुपए तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

ये भी पढ़ें :  CG में खाद की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन, 472 जगहों पर छापे; 68 हजार बोरी जब्त, 11 पर FIR

चार प्रमुख क्षेत्रों के 52 उत्पादों पर रहेगा विशेष जोर

अभियान के अंतर्गत कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, वनोपज एवं वृक्ष आधारित आजीविका, पशुपालन तथा गैर कृषि एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों से जुड़े 23 उपक्षेत्रों के लगभग 52 प्रमुख उत्पादों को चिन्हांकित किया गया है। इनमें जैविक चावल, मिलेट्स, मसाले, फल एवं सब्जियां, इमली, महुआ, काजू, बांस, कोसा, लाख, शहद, कॉफी, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, ढोकरा शिल्प एवं पर्यटन सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं।

उत्पादन से बाजार तक विकसित की जाएगी संपूर्ण मूल्य श्रृंखला
       
अभियान के तहत केवल आजीविका के साधन उपलब्ध कराने तक सीमित न रहते हुए कच्चे माल एवं आवश्यक सामग्री की आपूर्ति, तकनीकी प्रशिक्षण, उत्पादन, संग्रहण, भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन तक संपूर्ण मूल्य श्रृंखला विकसित की जाएगी। इसके लिए आवश्यकतानुसार कलेक्शन सेंटर, भंडारण केंद्र, प्रसंस्करण इकाइयां एवं शीत श्रृंखला की व्यवस्था विकसित की जाएगी। ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया (टीआरआई) संस्था द्वारा अभियान की तैयारियों में तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
   
 बस्तर के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) के मायस्टोर सहित विभिन्न डिजिटल विपणन माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में पांच प्रमुख उत्पादों को सात अलग-अलग स्टोर के माध्यम से बाजार में उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।

ये भी पढ़ें :  छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25वें वर्ष को ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाएगी सरकार : अधोसंरचना विकास के लिए रहेगा समर्पित

दुग्ध उत्पादन और प्रसंस्करण से ग्रामीण परिवारों को मिलेगी नियमित आय
      
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से ग्रामीण परिवारों को दुधारू गाय उपलब्ध कराने तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण एवं विपणन की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवारों को नियमित आय का स्रोत उपलब्ध हो सके।

60 शासकीय योजनाओं के समन्वय से होगा अभियान का क्रियान्वयन
        
स्वावलंबी बस्तर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र एवं राज्य शासन के 10 विभागों की 60 योजनाओं का समन्वय किया जाएगा। ग्रामीण परिवारों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के स्व-सहायता समूहों, सहकारी संस्थाओं, कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ), वन धन विकास केंद्रों एवं अन्य सामुदायिक संस्थाओं से जोड़ा जाएगा। अभियान के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा होंगे विकसित
      
अभियान के अंतर्गत बस्तर संभाग में पूर्व सुरक्षा कैंपों के स्थान पर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। इन केंद्रों को सेवा सेतु पोर्टल से जोड़कर ग्रामीणों को नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे दूरस्थ अंचलों के ग्रामीणों को अपने गांव के समीप ही विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

ये भी पढ़ें :  भाभी से अवैध संबंध का झूठा आरोप लगाना मानसिक क्रूरता, हाईकोर्ट ने तलाक को रखा बरकरार

गीदम और कांकेर में शुरू हुईं अभियान की प्रारंभिक गतिविधियां
      
अभियान के औपचारिक शुभारंभ से पूर्व गीदम एवं कांकेर विकासखंडों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रारंभिक गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। इसके अंतर्गत ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूहों के सदस्यों के साथ कार्यशालाएं, प्रशिक्षण, परिवारों का सर्वेक्षण तथा परिवारवार आजीविका कार्ययोजना तैयार करने का कार्य किया जा रहा है।
      
 उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अभियान के लिए पृथक प्रशासनिक अधिकारी की व्यवस्था करने, प्रत्येक संबंधित विभाग से नोडल अधिकारी निर्धारित करने तथा विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान की वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने और परियोजना की स्वीकृति प्राप्त होते ही जमीनी स्तर पर तेजी से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक अश्वनी देवांगन, मुख्य अभियंता के.के. कटारे सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *