Breaking
26 Nov 2026, Thu

खंडवा में वार्ड परिसीमन से बदलेगा सियासी समीकरण, दावे-आपत्तियों के बाद तय होगा अंतिम नक्शा

खंडवा

आगामी नगरीय निकाय चुनाव से पहले शहर के वार्डों का नक्शा बदलने जा रहा है। नगर निगम प्रशासन ने आबादी के संतुलन और नगर सीमा विस्तार को ध्यान में रखते हुए वार्डों के परिसीमन की कवायद तेज कर दी है। निगम के प्रारंभिक सर्वे के मुताबिक, शहर के करीब 22 वार्डों में जनसंख्या औसत से दस से पंद्रह प्रतिशत तक कम या ज्यादा पाई गई है। ऐसे में इन बड़े और छोटे वार्डों का पुनर्गठन कर सीमाएं नए सिरे से निर्धारित की जाएंगी। इसके साथ ही शहर से सटी पांच ग्राम पंचायतों को नगर निगम सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव भी प्रक्रिया में है। यदि सीमा विस्तार और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होती है तो मौजूदा वार्डों की संख्या में बदलाव होना तय माना जा रहा है। इसका सीधा असर आगामी चुनाव के राजनीतिक समीकरणों पर भी पड़ेगा।

नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में वार्डों की आबादी में काफी अंतर है। कुछ वार्ड ऐसे हैं जहां जनसंख्या निर्धारित औसत से अधिक हो गई है जबकि कुछ वार्डों में आबादी अपेक्षाकृत कम है। ऐसे में परिसीमन के दौरान जनसंख्या के समान वितरण को प्राथमिकता दी जाएगी। जिन वार्डों में आबादी अधिक है, उनके कुछ हिस्सों को अलग कर समीपवर्ती वार्डों में शामिल किया जा सकता है। वहीं कम आबादी वाले वार्डों में आसपास के क्षेत्रों को जोड़कर उनका दायरा बढ़ाया जा सकता है। इस प्रक्रिया में करीब 22 वार्ड प्रभावित होने की संभावना है। इससे कई वार्डों की वर्तमान भौगोलिक पहचान भी बदल सकती है।

ये भी पढ़ें :  छत्तीसगढ़-निकाय चुनाव से पहले होगा वार्ड परिसीमन, हाईकोर्ट ने सभी याचिकाएं कीं खारिज

शहर से सटी पंचायतें होंगी निगम सीमा में शामिल

शहर के आसपास तेजी से विकसित हो रही कालोनियों और आवासीय क्षेत्रों को देखते हुए नगर निगम सीमा विस्तार का प्रस्ताव भी महत्वपूर्ण हो गया है। इसके तहत शहर से सटी ग्राम पंचायतों को निगम में शामिल करने की कवायद चल रही है। इनमें रोशनाई, सुरगांव जोशी, नाहल्दा, छोटा बोरगांव, छैगांवदेवी ग्राम पंचायत को शामिल करने का प्रस्ताव बना है। इन पंचायतों के शामिल होने से निगम क्षेत्र का भौगोलिक दायरा बढ़ेगा। साथ ही नए आवासीय क्षेत्रों को शहरी सुविधाओं और नगरीय निकाय के प्रशासनिक दायरे में लाने का रास्ता खुलेगा। हालांकि ग्राम पंचायतों को शामिल करने के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय और उनके क्षेत्रफल का निर्धारण होने के बाद ही नए वार्डों की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़ें :  सीएम राइज स्कूल कहलाएंगे अब सांदीपनि विद्यालय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

वार्ड बढ़ेंगे या घटेंगे, इस पर रहेगी नजर

सीमा विस्तार के बाद वार्डों की संख्या बढ़ाने की जरूरत पड़ सकती है। वहीं आबादी के संतुलन के लिए मौजूदा वार्डों के पुनर्गठन से संख्या में बदलाव की स्थिति भी बन सकती है। फिलहाल नए वार्डों की संख्या कितनी होगी, यह परिसीमन के अंतिम प्रस्ताव पर निर्भर करेगा। प्रशासन को वार्डों का गठन करते समय जनसंख्या के साथ भौगोलिक निरंतरता और प्रशासनिक सुविधा का भी ध्यान रखना होगा। इससे यह तय होगा कि कौन-सा क्षेत्र किस वार्ड में शामिल किया जाएगा।

पार्षदों के समीकरण भी बदलेंगे

परिसीमन की प्रक्रिया का असर केवल वार्डों की सीमाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका राजनीतिक प्रभाव भी देखने को मिलेगा। जिन वार्डों में आबादी अधिक होने के कारण क्षेत्र का विभाजन होगा, वहां वर्तमान पार्षदों का परंपरागत चुनावी क्षेत्र बदल सकता है। नए क्षेत्र जुड़ने से मतदाताओं की संख्या और सामाजिक समीकरणों में भी बदलाव आएगा। इसके अलावा वार्डों के पुनर्गठन के बाद आरक्षण की प्रक्रिया होने पर कई सीटों की राजनीतिक तस्वीर बदल सकती है। ऐसे में वर्तमान पार्षदों और आगामी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदारों की नजर परिसीमन पर टिकी हुई है।

ये भी पढ़ें :  सिंधिया परिवार की 40 हजार करोड़ की संपत्ति पर फिर विवाद, प्रतिमा देवी की आपत्ति पर आज अहम सुनवाई

दावे-आपत्तियों के बाद तय होगा अंतिम नक्शा

परिसीमन का प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार होने के बाद संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से दावे-आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण और निराकरण करने के बाद अंतिम परिसीमन सूची जारी होगी। इसके बाद ही वार्डों की संख्या, सीमाओं और आरक्षण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल शहर में परिसीमन को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चाएं चल रही हैं। आने वाले दिनों में यह प्रक्रिया शहर की चुनावी राजनीति की नई दिशा तय कर सकती है।

 

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *