Breaking
20 Nov 2026, Fri

महाराष्ट्र में बंधक जैसी परिस्थितियों से 40 श्रमिकों को मिली मुक्ति, छत्तीसगढ़ लौटे सकुशल

रायपुर

रोजगार और बेहतर आजीविका की उम्मीद लेकर महाराष्ट्र पहुंचे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों के लिए जिला प्रशासन का त्वरित हस्तक्षेप बड़ी राहत लेकर आया। महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम करने को मजबूर इन श्रमिकों को प्रशासन की संयुक्त टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मुक्त कराकर सुरक्षित छत्तीसगढ़ वापस पहुंचाया है। इनमें 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं। बचाव अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिकों की सकुशल घर वापसी सुनिश्चित की गई है।

रोजगार का भरोसा देकर ले गए महाराष्ट्र, मजदूरी के बदले मिला शोषण   

मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम पंचायत उलखर से जुड़ा है। यहां के एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर महाराष्ट्र के सोलापुर में अपने परिवार और गांव के अन्य लोगों के साथ हो रहे शोषण की जानकारी दी थी। शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति रोजगार, नियमित मजदूरी, भोजन, आवास और बीमारी की स्थिति में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाकर श्रमिकों को गन्ना कटाई एवं ट्रक लोडिंग के कार्य के लिए महाराष्ट्र ले गया था।

ये भी पढ़ें :  मेहनत की चमक, सरकारी सहारे से उड़ान: श्रमिक की बेटी डिंपल कश्यप का संस्कार सिटी स्कूल में सुनहरा भविष्य

श्रमिकों को उम्मीद थी कि मेहनत से अर्जित मजदूरी उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाएगी, लेकिन वहां पहुंचने के बाद परिस्थितियां विपरीत हो गईं। शिकायत में बताया गया कि श्रमिकों से सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जाता था, जबकि वादे के अनुरूप साप्ताहिक मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था। पर्याप्त राशन उपलब्ध नहीं कराने, बीमार होने पर भी काम कराने तथा मारपीट एवं दुर्व्यवहार जैसी गंभीर शिकायतें भी सामने आईं। परेशान श्रमिक ने अपने परिवार के 16 सदस्यों को बकाया मजदूरी सहित सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई थी।

कलेक्टर ने दिखाई तत्परता, महाराष्ट्र भेजी विशेष टीम

 कलेक्टर ने श्रमिकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए 14 नवंबर 2026 को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर श्रम, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम में श्रम निरीक्षक,राजस्व निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और आरक्षक को शामिल किया गया था।

 संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंचकर श्रमिकों की स्थिति की जांच की। जांच के दौरान श्रमिकों से बंधक जैसी परिस्थितियों में गन्ना कटाई का कार्य कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के समन्वय एवं सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया। प्रशासन ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कीं।

ये भी पढ़ें :  पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों के लिए 492 करोड़ रूपए से अधिक की अनुदान मांगे पारित

अपनों के बीच लौटे श्रमिक, परिवारों में लौटी खुशियां

बचाव अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के 35 श्रमिकों को मुक्त कराया गया। इनके साथ जांजगीर-चांपा जिले के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिक भी सुरक्षित वापस लौटे। सभी 40 श्रमिक 20 नवंबर को बचाव दल के साथ अपने गृह ग्राम पहुंच गए।

लंबे समय से कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे श्रमिकों की सुरक्षित वापसी से उनके परिवारों को बड़ी राहत मिली है। अपनों के बीच लौटने पर श्रमिकों और परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन की तत्परता और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से तीन जिलों के श्रमिकों की घर वापसी संभव हो सकी।

ये भी पढ़ें :  सीएम साय ने किया ऐलान, मुकेश चंद्राकर के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा, पत्रकार भवन का होगा निर्माण

श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील

जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाने से पहले संबंधित ठेकेदार, बिचौलिए और कार्यस्थल की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। रोजगार के नाम पर दिए जाने वाले प्रलोभनों से सावधान रहें तथा श्रम विभाग में आवश्यक पंजीयन कराएं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाहर काम करने के दौरान मजदूरी का भुगतान नहीं होने, दुर्व्यवहार, शोषण अथवा बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल श्रम विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रशासन की यह कार्रवाई श्रमिकों की सुरक्षा, उनके अधिकारों के संरक्षण और संकट में फंसे परिवारों को सहायता पहुंचाने की दिशा में संवेदनशील प्रशासनिक पहल का उदाहरण बनी है। तीन जिलों के 40 श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी ने यह संदेश दिया है कि समय पर प्राप्त शिकायत और प्रशासन की तत्पर कार्रवाई से संकटग्रस्त श्रमिकों को राहत पहुंचाई जा सकती है।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *