Breaking
13 Nov 2026, Fri

केदारनाथ हेलिकॉप्टर क्रैश में जयपुर के पायलट की मौत, जुड़वां बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

जयपुर

केदारनाथ के समीप गौरीकुंड इलाके में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट राजवीर सिंह चौहान की मौत से उनके परिवार में मातम छाया हुआ है। जयपुर निवासी राजवीर सिंह चौहान की पत्नी दीपिका भी सेना में कार्यरत हैं। हादसे के कुछ ही महीने पहले चौहान दंपति के घर जुड़वां बच्चों ने जन्म लिया था।

राजवीर सिंह चौहान ने देश की सेवा में 14 साल भारतीय सेना में सेवाएं दी थीं। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने कुछ माह पूर्व ही आर्यन एविएशन कंपनी में बतौर पायलट नई पारी शुरू की थी। उनका पैतृक गांव दौसा जिले के महुआ के पास स्थित है। हादसे की खबर मिलते ही चौहान परिवार के घर पर सेना और पुलिस के अधिकारी, जवान व रिश्तेदार पहुंचने लगे हैं। गांव में शोक की लहर है।

ये भी पढ़ें :  राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026: स्मृति ईरानी ने कहा- "मेरी जीत हमेशा जीत में नहीं, हार में लिखी है"

परिवार के लिए यह हादसा और भी ज्यादा दर्दनाक है, क्योंकि महज चार माह पहले ही राजवीर की पत्नी ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। राजवीर की असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। फिलहाल क्रैश के कारणों की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया एक्स पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा है कि केदारनाथ में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई राजस्थान के पायलट तथा अन्य श्रद्धालुओं की जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। बाबा केदार दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

ये भी पढ़ें :  बासनपीर में हिंसा: पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 उपद्रवी हिरासत में

कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने इस दुखद हादसे पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट डाली है। उन्होंने लिखा है कि केदारनाथ जा रहे हेलिकॉप्टर क्रैश में पायलट जयपुर के लेफ्टिनेंट कर्नल (रिटायर्ड) राजवीर सिंह चौहान का असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। दुःख की इस घड़ी में पूरा प्रदेश चौहान परिवार के साथ है।

ये भी पढ़ें :  जयपुर: IAS शिखर अग्रवाल और IPS प्रशाखा माथुर की संपत्तियों पर ED से जांच की मांग

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा है कि केदारनाथ के पास हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में जयपुर निवासी पायलट राजवीर सिंह समेत सात व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है। ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें और दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *