लखनऊ में आगरा एक्सप्रेसवे के पास बनेगी वशिष्ठ नगर योजना, 50 एकड़ में लगेंगे MSME उद्योग

लखनऊ
आगरा एक्सप्रेसवे के निकट आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने व रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए वशिष्ठ नगर योजना के प्रस्ताव पर शासन की मुहर लग गई है। अब लखनऊ विकास प्राधिकरण योजना में स्टार्ट अप के लिए भारत सरकार के एमएसएमई विभाग को 50 एकड़ जमीन देगा। सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम स्थापित होने से क्षेत्र का आर्थिक विकास होने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत आगरा एक्सप्रेसवे पर 6580 एकड़ क्षेत्रफल में वरुण विहार आवासीय योजना विकसित की जा रही है। इस क्षेत्र में ही वशिष्ठ नगर योजना आकार लेगी।

एलडीए एमएसएमई विभाग को देगा जमीन
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, इसमें विशेष तौर से आर्थिक विकास को गति देने के लिए औद्योगिक, लाजिस्टिक व व्यावसायिक क्लस्टर नियोजित किए जाएंगे। मंगलवार को वशिष्ठ नगर योजना का प्रस्ताव शासन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जिसे शासन ने मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत स्वीकृत किया है।

ये भी पढ़ें :  8वां वेतन आयोग देगा बड़ी खुशखबरी, सैलरी में 34% तक इजाफा संभव!

योजना को शासन की मंजूरी
योजना आगरा एक्सप्रेसवे के पास 1035 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जाएगी। इसके लिए ग्राम-रेवरी, भलिया, गहलवारा, आदमपुर इन्दवारा, बहरू व जलियामऊ की भूमि चिन्हित हुई है। आने वाले समय में योजना उत्तर प्रदेश स्टेट कैपिटल रीजन के विजन को साकार करते हुए राजधानी को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन से जोड़ेगी।

ये भी पढ़ें :  जर्मन एम्बेसडर ने नई BMW में लटकाई नींबू-मिर्च, वीडियो वायरल

आधुनिक अवसंरचना, आर्थिक विकास व रोजगार सृजन पर विशेष जोर
उपाध्यक्ष ने बताया कि वशिष्ठ नगर में औद्योगिक, लाजिस्टिक व आर्थिक गतिविधियों के लिए नए जोन विकसित किये जाएंगे। एमएसएमई विभाग द्वारा संचालित सरदार वल्लभ भाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र योजना के तहत 50 एकड़ भूमि पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम स्थापित होंगे। इससे राजधानी में स्टार्ट अप को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर एक ही मंच पर मिलेंगे।

कनेक्टिविटी से बढ़ेगा आर्थिक विकास
वशिष्ठ नगर योजना आगरा एक्सप्रेसवे, मोहान रोड, लिंक एक्सप्रेसवे व वरुण विहार योजना जैसे महत्वपूर्ण कारिडोर से सीधे कनेक्ट होगी। इससे उद्योग, वेयरहाउसिंग, लाजिस्टिक्स एवं परिवहन क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। शासन की मंजूरी के बाद अब किसानों से सहमति व अन्य माध्यमों से भूमि जुटाव का कार्य शुरू किया जाएगा। भूमि लेने में लगभग 1328 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

ये भी पढ़ें :  निजी अस्पताल मरीजों को ATM समझते हैं, इलाज नहीं व्यापार करते हैं: हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी

योजना को मिलेंगे 400 करोड़
आगरा एक्सप्रेसवे स्थित वशिष्ठ नगर योजना के विकास के लिए शासन से 400 करोड़ रुपये मिलने का भी रास्ता साफ हो गया है। धनराशि मिलने के बाद योजना क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

 

Share

क्लिक करके इन्हें भी पढ़ें

Leave a Comment