Breaking
20 Nov 2026, Fri

बेतिया के सेनको गोल्ड शोरूम में 35 करोड़ की लूट का वैशाली कनेक्शन, मास्टरमाइंड के परिजन हिरासत में

हाजीपुर/महनार
बेतिया के सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में दिनदहाड़े हुई करीब 35 करोड़ रुपये के गहने की लूट के तार वैशाली से जुड़ गए हैं। बेतिया के चर्चित सोना लूटकांड के मास्टरमाइंड समेत पांच अपराधियों के महनार के होने की जानकारी मिल रही है। बिहार एसटीएफ की टीम ने बुधवार की रात महनार थाना क्षेत्र में छापेमारी कर मास्टर माइंड समेत दो अपराधियों के परिजनों को हिरासत में लिया। दोनों को पूछताछ के लिए बेतिया पुलिस टीम अपने साथ ले गई। यह कार्रवाई हसनपुर उत्तरी पंचायत के पासवान टोला में की गई।

इस संबंध में बताया जाता है कि 18 नवंबर 2026 को बेतिया के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े करोड़ों रुपये के सोने-हीरे के आभूषण और नकदी लूट ली थी। इस बड़ी वारदात में वैशाली और समस्तीपुर जिले के अपराधियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। इसी आधार पर एसटीएफ इन दोनों जिलों में संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। एक अपराधी के महुआ के होने की बात भी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार लूटकांड की जांच के सिलसिले में वैशाली और समस्तीपुर जिले से अब तक चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसी कड़ी में एसटीएफ की टीम महनार पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से हसनपुर उत्तरी पंचायत के पासवान टोला में कार्रवाई की। लूटकांड में शामिल आठ अपराधियों में से मास्टरमाइंड सहित पांच अपराधी वैशाली के ही रहने वाले बताए गए हैं। बेतिया पुलिस और एसटीएफ के जवान अलग-अलग टीम बनाकर वैशाली जिले के विभिन्न इलाकों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि मास्टरमाइंड ने अपने पुराने साथियों को एकत्रित कर बेतिया के शोरूम को निशाना बनाया है। घटना के दिन आठ अपराधियों ने शोरूम में घुसते ही कर्मचारियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और मात्र 20 मिनट में 35 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के गहने लूटकर फरार हो गए थे। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी।

ये भी पढ़ें :  उत्तर भारत में गर्मी का कहर एक बार फिर से शुरू, इन राज्यों में होगी भारी बारिश, आंधी तूफान की भी चेतावनी

लूट के बाद से ही बेतिया पुलिस और एसटीएफ लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस को वैशाली कनेक्शन का पता चला। इसके बाद से ही जिले के हाजीपुर, महनार, जंदाहा, लालगंज और भगवानपुर सहित कई इलाकों में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। सूत्र बताते हैं कि मास्टरमाइंड सहित एक अन्य अपराधी के परिजन को बेतिया पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया है। पुलिस को उम्मीद है कि परिजनों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिलेंगे। पुलिस अधिकारी इस बारे में कुछ भी कहने से बच रही है।

सोना लूट कहीं हो, वैशाली से तार जुड़ जाता है
देश में कहीं भी बड़ी सोना लूट की घटना हो, उसका तार वैशाली से जुड़ ही जाता है। जिले के कुख्यात सोना लुटेरा गिरोह का नेटवर्क बिहार के कई जिलों के साथ-साथ देश के कई अन्य राज्यों में फैला है। सुबोध सिंह और मनीष कुमार गैंग जैसे गिरोहों के नाम बिहार ही नहीं, बल्कि बंगाल, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र तक की बड़ी लूट की वारदातों में सामने आ चुके हैं।

ये भी पढ़ें :  सिक्सलेन फ्लाईओवर निर्माण की प्रगति अपेक्षित न होने पर सीएम योगी ने लगाई फटकार

पुलिस सूत्रों की मानें तो वैशाली के ये गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करते हैं। पहले रेकी, फिर हथियार और वाहन की व्यवस्था और फिर दिनदहाड़े शोरूम या फाइनेंस कंपनी को निशाना बनाना, यही इनका तरीका है। लूट के बाद सोना गलाकर बेच दिया जाता है और रुपये आपस में बांट लिए जाते हैं।

पिछले दिनों आरा (भोजपुर) के तनिष्क शोरूम में हुई करीब 25 करोड़ रुपये की बड़ी लूट और मणप्पुरम गोल्ड लोन से लगभग 15 किलो सोना लूटने की घटना के तार भी वैशाली गैंग से जुड़े पाए गए। उधर, मुजफ्फरपुर में मुथूट फाइनेंस की शाखा से 32 किलो सोना लूटने की वारदात में भी वैशाली के अपराधियों की संलिप्तता रही है। समस्तीपुर के अनिल ज्वेलर्स में हुए 2 करोड़ रुपये के आभूषण लूटकांड का मुख्य आरोपी राजनंदन उर्फ छोटू वैशाली का ही रहने वाला है। इसके अलावा वैशाली में लूटे गए सोने की बरामदगी के लिए समस्तीपुर में भी छापेमारी हुई है। पटना के कई ज्वेलरी शोरूम और बेतिया के सेनको ज्वेलर्स शोरूम में हुई करोड़ों की लूट की जांच में भी अंतर-जिला गिरोहों और वैशाली कनेक्शन की पड़ताल की गई है। वैशाली के हाजीपुर स्थित मुथूट फाइनेंस से 55 किलो से अधिक सोना लूटने के मामले में भी स्थानीय गिरोह का ही नाम सामने आया था।

ये भी पढ़ें :  यूपीआईटीएस में युवाओं की भागीदारी को नया आयाम दे रही योगी सरकार, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विद्यार्थी बनेंगे आयोजन का हिस्सा

बिहार एसटीएफ और बेतिया पुलिस पहुंची
बुधवार की आधी रात को बेतिया पुलिस और एसटीएफ के साथ महनार थाने की पुलिस की कई गाड़ियां अचानक हसनपुर पासवान टोला में पहुंचीं। वहीं बेतिया में भी दो लोगों को पकड़ा गया है। संदिग्ध के पिता और दूसरे संदिग्ध के भाई को पूछताछ के लिए उठाया और अपने साथ बेतिया ले गई। पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में करीब 21 किलो 750 ग्राम सोना लूटने की बड़ी वारदात को वैशाली के मनीष और सुबोध सिंह गैंग ने मिलकर अंजाम दिया था। रांची और आसपास के इलाकों में हुई लूट की घटनाओं में भी वैशाली के अंतरराज्यीय गिरोहों के गुर्गों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जेल में बंद सरगना सुबोध सिंह के नेटवर्क के जरिए राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र में भी फाइनेंस कंपनियों व ज्वेलरी शोरूम में हुई बड़ी लूट की घटनाओं के तार वैशाली के अपराधियों से जुड़े मिले हैं।

Share

By News Writer Editor

सतीश शर्मा – वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, न्यूज़ राइटर पोर्टल दो दशकों का पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण सतीश शर्मा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे विगत 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और समाचारों की गहरी समझ ने उन्हें इस क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्तमान में वे न्यूज़ राइटर पोर्टल के संपादक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य आम जनता की आवाज को मंच प्रदान करना, महत्वपूर्ण घटनाओं और मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना है। अपने दो दशक के पत्रकारिता सफर में उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लेखन एवं समाचार संकलन के माध्यम से अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। सतीश शर्मा का मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एक पत्रकार का दायित्व है कि वह सच्चाई को सामने लाए, जनता की समस्याओं को आवाज दे और समाज को जागरूक बनाने में योगदान करे। उनकी पत्रकारिता का मूल मंत्र है – सत्य, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित। आज भी वे इसी उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। Editor- +91 6268-341617 (WhatsApp) Email- hrnewswriter@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *